हरियाणा के पलवल स्थित चांदहट थाना में कार्यरत जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह के अनुसार यूपी के जिला अलीगढ़ स्थित गांव गौदोली निवासी भीम सैन ने शिकायत दर्ज कराई है कि करीब पांच साल पहले उसने अपनी बेटी निशा की शादी पलवल के गांव चांदहट निवासी हरकेश के साथ की थी। शादी में करीब 15 लाख खर्च कर किए गए। दहेज में कार भी दी गई। उसके बावजूद भी निशा का पति हरकेश, सास राजो देवी, जेठ राकेश व डालचंद अधिक दहेज की मांग को लेकर उसकी बेटी को परेशान करने लगे।
निशा ने जब बेटी को जन्म दिया तो ससुराल वालों ने कहा कि उन्हें तो बेटा चाहिए था, ये सिर्फ बेटी पैदा कर सकती है। आरोपियों ने कई बार उसकी बेटी के साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया, परंतु सामाजिक दबाव में उसने फिर से बेटी को ससुराल भेज दिया। आरोप है कि निशा के ससुराल वालों ने आठ माह पहले उसकी तीन साल बच्ची को साजिश के तहत मार दिया। वे निशा को भी मारना चाहते थे, परंतु वह अपने मायके चली आई। उसके बाद आरोपी माफी मांग कर फिर से उसे ससुराल ले गए। अब आरोपी निशा से दहेज में तीन लाख रुपये की मांग कर रहे थे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने निशा को जहर देकर मार डाला।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
भाई को फोन कर बताई थी जहर खिलाने की बात
शिकायत में कहा कि ससुराल वालों द्वारा जहर देने के बाद निशा ने अपने छोटे भाई को फोन किया। उसने रोते हुए कहा कि उसकी सास व दोनों जेठों ने उसे जबरन जहर खिला दिया। वे उसके पति हरकेश को फोन कर कह रहे हैं कि उन्होंने उसकी इच्छा पूरी कर दी है। वह कह कर गया था कि मैं इसकी शक्ल नहीं देखना चाहता है, मेरे आने से पहले इसकी हत्या कर देना। उन्होंने फोन पर कहा कि उसकी तो रेलवे में सरकारी नौकरी है, उसके अधिक दहेज लाने वाली 10 लड़कियां मिल जाएगी। इस बार 10 लाख रुपये दहेज देने वाली लड़की से उसकी शादी कर देंगे।