हथीन खंड के गांव मठेपुर के ग्रामीणों ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के गेहूं को भरकर ले जा रही पिकअप वैन को धर पकड़ा। उक्त पिकअप वैन में 25 क्विंटल गेहूं ले जाया जा रहा था। इस बारे में ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस एवं कंट्रोल रूम को भी सूचित कर दिया। ग्रामीणों ने इस मामले में पिकअप में सवार दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले भी कर दिया है। मामले में पहले तो खाद्य व आपूर्ति विभाग के अधिकारी आरोपियों को बचाने का प्रयास करते रहे। उनका कहना था कि खुला गेहूं सरकारी है या निजी इसकी पहचान नहीं हो सकती। बाद में पुलिस ने विभागीय निरीक्षक के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बुधवार रात को गांव के हालत यह बने रहे कि पूरा मठेपुर गांव जाग रहा तथा गेहूं भरकर ले जा रही पिकअप वैन सवार लोगों से पूछताछ करते रहे। मौके पर हथीन पुलिस पहुंची तथा पिकअप वैन को हथीन थाने में ले आई है। थाना प्रभारी दीपचंद ने लोगों की शिकायत पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को बुलाकर जांच कराई। इसके बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक सुरेश कुमार के बयान पर डिपो होल्डर मुरसलीम के खिलाफ धारा 406 व आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि डिपो होल्डर सरकारी गेहूं को काला बाजारी में बेचने का प्रयास कर रहा था। सूचना मिलने पर नाकाबंदी के बाद उक्त पिकअप को पकड़ा गया। गांव के निवासी भी भारी संख्या में हथीन थाने में पहुंचे तथा अपने बयान भी कलमबंद कराए। गांव के निवासी साहबू, अब्दुल्ला, उस्मान, हकमुद्दीन, शाहिना व जाहुल ने बताया कि डिपो होल्डर की शिकायत पहले भी की गई थी परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद ग्रामीण लोकल एसडीएम सतेंद्र सिवाच से भी मिले तथा उनसे डिपो होल्डर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।