बृहस्पतिवार की सुबह केएमपी एक्सप्रेसवे पर खड़े एक कैंटर में बाइक टकरा गई। इसमें बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
वहीं एक अन्य दुर्घटना में एक ऑटो रिक्शा चालक ने सड़क पार रहे एक युवक को कुचल दिया। उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
सदर थाना एसएचओ रामकुमार के अनुसार पलवल के गांव रजपुरा निवासी साहुन पुत्र हवीन अपने साथी खैरगंज (युपी) निवासी सुनील कुमार के साथ अपनी बाइक पर केएमपी मार्ग से होते हुए पलवल से गुड़गांव जा रहे थे।
गांव रतीपुर के समीप एक सड़क किनारे बारदाने (अनाज की खाली बोरियों) से भरा हुआ कैंटर खड़ा था। जहां उनकी बाइक अनियंत्रित होकर कैंटर के नीचे घुस गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि साहुन की मौके पर मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल अवस्था में सुनील को सिविल अस्पताल में ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान सुनील ने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
इसी प्रकार एक अन्य सड़क दुर्घटना में कैंप थाना क्षेत्र के नया गांव के समीप एक ऑटो चालक ने मंगलवार को एक युवक को कुचल दिया। हथीन के वार्ड-5 निवासी पृथ्वी सड़क पार कर रहे थे कि ऑटो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। घायल अवस्था में उन्हें पलवल के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां उपचार के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई।
हेलमेट पहनते तो बच जाती जान
लापरवाही जिंदगियों को लील रही है। बृहस्पतिवार को सड़क दुर्घटना में मारे गए बाइक सवार दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की स्पीड बहुत तेज थी। इसके चलते उनका बाइक पर कंट्रोल नहीं रहा व बाइक पीछे से कैंटर के अंदर जा घुसी।
बाइक चालक साहुन के शव की भी हालत काफी खराब हो गई थी व उसका चेहरा और सिर बुरी तरह से कुचल गए थे। इसी प्रकार कुछ दिन पूर्व स्कूटी सवार जवाहर नगर कैंप के तीन छात्र भी हादसे का शिकार हो चुके हैं, इसमें भी एक छात्र की मौत हो गई थी। उन्होंने भी हेलमेट नहीं पहना था।