कैंप थाना क्षेत्र में चोरों ने अलग-अलग जगह पर दो मकानों को खंगाल कर हजारों रुपये की नगदी, जेवरात व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। एक मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कैंप थाना पुलिस के मुताबिक हरीनगर निवासी अवेश कुमार ने शिकायत दी है कि चोर उनके मकान के ताले तोड़कर घर में से एलईडी, सोने-चांदी के आभूषण व नगदी चोरी कर ले गए। पुलिस ने अवेश की शिकायत के आधार पर शमशाबाद निवासी मुकेश उर्फ फुली, रणवीर उर्फ दामोदर व सोनू को गिरफ्तार कर लिया है।
तीनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। इसी प्रकार मोहन नगर निवासी नरेश कुमार ने शिकायत दी है कि रविवार को वह घर से कहीं बाहर गए हुए थे। ताले तोड़कर चोर उनके घर से सोने-चादी के आभूषण व 7500 रुपये ले गए। पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।