पुलिस ने जिला समाज कल्याण अधिकारी की शिकायत पर गांव मुस्तफाबाद की पूर्व महिला सरपंच के खिलाफ पेंशन राशि में फर्जीवाड़े का केस दर्ज किया है। आरोप है कि महिला सरपंच ने अपने कार्यकाल में हजारों रुपये का गबन किया। केस दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
पुलिस के अनुसार गांव मुस्तफाबाद के पूर्व मेंबर रवींद्र कुमार ने सीएम विंडो में दी शिकायत में कहा था कि गांव की पूर्व सरपंच सविता देवी ने गांव के कई मृतकों की पेंशन गलत अंगूठे लगाकर निकाल ली। शिकायत पर प्रशासनिक अधिकारियों ने पूर्व सरपंच को नोटिस देकर गबन किए गए हजारों रुपये जमा कराने के आदेश भी दिए थे, लेकिन पूर्व सरपंच ने नोटिस के बावजूद भी रकम जाम नहीं कराई।
जिस पर जिला समाज कल्याण अधिकारी ने पुलिस को पूर्व सरपंच के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने की शिकायत दी। पुलिस ने पूर्व सरपंच के खिलाफ पेंशन की 59 हजार 136 रुपये की राशि की धोखाधड़ी कर गबन करने का मामला दर्ज किया है।