गांव औरंगाबाद में जेल से पेरोल पर आए व्यक्ति ने गांव के ही एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर दो महिला सहित 10 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
गांव औरंगाबाद निवासी राजबीर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि गांव निवासी सुनील से पिछले कुछ दिनों पहले उसके भाई श्रीराम का झगड़ा हो गया था। उस दौरान सुनील ने श्रीराम पर जानलेवा हमला कर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने आरोपी सुनील को जेल भेज दिया था।
जेल जाते समय सुनील ने श्रीराम को धमकी दी थी कि जेल से आने के बाद पांच दिन के अंदर वह श्रीराम को जान से मार देगा। सुनील पांच दिन पहले ही जेल से पेरोल पर आया था। राजबीर ने बताया कि बुधवार की रात करीब आठ बजे आरोपी सुनील ने राजेंद्र, सागर, बहादुर उर्फ कंवर, राहुल, बंटी, केशव, नरवीर, कमलेश व रंजना के साथ मिलकर श्रीराम पर गोलियों से हमला कर दिया। जिससे श्रीराम की मौके पर मौत हो गई।
उसकी भतीजी गोला सहित परिवार के कुछ सदस्य घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए व मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। वहीं इस मामले पर सदर थाना प्रभारी संदीप मौर का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही टीम के साथ मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर सभी आरोपियो के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।