गांव मडनाका में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक व्यक्ति का शव बिघावली के जंगलों के निकट खेतों में पड़ा मिला। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर लगभग 20 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
गांव मडनाका निवासी गिरधारी ने पुलिस को बताया कि उसका 25 वर्षीय भाई नेत्रपाल बुधवार शाम से ही गायब था। उसने बताया कि जब वह देर रात भी घर नहीं लौटा तो उसके परिजनों ने उसकी खोज शुरू कर दी। बृहस्पतिवार सुबह जब गांव के लोग खेतों की ओर गए तो उन्होंने खेतों में नेत्रपाल का शव खून से लथपथ देखा।
ग्रामीणों ने मामले की सूचना नेत्रपाल के परिजनों व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस व मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब मृतक के शव की जांच की तो मृतक के शरीर पर गोलियों के चार निशान मिले। पुलिस को मौके से कारतूस भी मिले हैं। बाइक भी खेतों में मिली है।
मौके पर डीएसपी पृथ्वी सिंह, एसएचओ दीपचंद एवं चौकी प्रभारी सुनील कुमार पहुंचे और उन्होंने जांच की। लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक नेत्रपाल के भाई गिरधारी के बयान पर विकास, योगेश, रंभो, संजय, रंजीत, किशन, सावलिया, अनिल, हरिचन्द, दयाराम, जयपाल, धीरज, गोपाल व तीन अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
एसएचओ दीपचन्द ने बताया कि हत्या के मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।