पलवल-नूंह मार्ग पर गांव महेशपुर पास गत 11 मार्च को बाइक की टक्कर से घायल युवक की उपचार के दौरान चार दिन बाद शहर के निजी अस्पताल में मौत हो गई। वहीं एक दूसरी घटना में एनएच-टू पर गांव मितरोल के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मृतकों के परिजनों की शिकायत पर आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सदर थाना प्रभारी सुनील कादियान के अनुसार गांव बढ़ा निवासी नरवीर ने शिकायत दर्ज कराई है कि गत 11 मार्च को उसके भतीजे राजू को गांव महेशपुर के समीप तेज रफ्तार बाइक चालक ने टक्कर मार दी थी। जिससे राजू गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल अवस्था में राजू को शहर के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां उपचार के दौरान राजू की 15 मार्च को मौत हो गई।
इसी प्रकार गांव मितरोल निवासी वीरपाल ने शिकायत दी है कि गत 15 मार्च को उसका पुत्र संदीप बाइक पर सवार होकर किसी काम के लिए निकला था। एनएच-टू पर गांव के समीप ही अज्ञात वाहन ने संदीप की बाइक को टक्कर मार दी। जिससे संदीप की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के परिजनों की शिकायतों पर आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।