बहीन थाना पुलिस ने शनिवार की रात को गांव मीठाका में दबिश देकर एक घर से बंधक बनाकर रखी हुई एक महिला को बरामद कर लिया है। 24 मार्च को एक युवक एक महिला को बहला-फुसला कर यहां लेकर आया था। बताया जाता है कि मीठाका गांव युवक की बहन की ससुराल है। युवक शादीशुदा है और उसके कई बच्चेे भी हैं।
जानकारी के अनुसार उक्त युवक महिला को बहला फुसलाकर महाराष्ट्र से लाया था। पहले वह महिला को फरीदाबाद ले गया तथा वहां उसने उससे कथित रूप से जिस्मफरोशी का धंधा शुरू कराने का प्रयास किया था, लेकिन महिला ने इसका विरोध किया, तो युवक महिला को 24 मार्च को गांव मीठाका स्थित अपने जीजा के घर लेकर आ गया। बताया जाता है कि यहां भी उसके साथ अनैतिक धंधा कराने का प्रयास किया गया।
जिसका उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे पड़ोसी के घर में बंधक बना कर रखा गया।
इस बात की सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। सूचना पर पुलिस ने शनिवार का रात को युवक के जीजा के घर पर छापा मारा और तलाशी ली। बाद में पड़ोसी के घर में बंधक बनाकर रखी गई महिला को पुलिस ने बरामद कर लिया। महिला को बरामद कर पुलिस अपने साथ ले गई। मामले पर बहीन थाने के मुंशी का कहना है कि बरामद की गई महिला को महिला थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
महिला थाना एसएचओ सुशीला देवी का कहना है कि परिजनों से बातचीत की जा रही है। जल्द ही महिला को उसके परिवारवालों से मिला दिया जाएगा। महिला महाराष्ट्र के गाव मगुड़ापीर की रहने वाली है।