गांव खिल्लूका में शमशान भूमि पर किए गए अवैध कब्जे तथा सामूहिक रास्ते में बनाए गए शौचालय के चलते दो गुटों में टकराव की स्थिति बन गई है। मामले को लेकर बीजेपी नेता व मेवात सेवा संघ के प्रधान डॉक्टर असरुद्दीन ने सीएम विंडो पर शिकायत की थी।
सीएम ऑफिस से उक्त शिकायत डीसी अशोक शर्मा पलवल के माध्यम से हथीन थाना के पास कार्रवाई के लिए आई है। शिकायत में डॉक्टर असरुद्दीन ने आरोप लगाया है कि शरारती तत्वों ने गांव की शमशान भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है तथा रास्ते पर जो कि चकबंदी के समय छोड़ा गया था उस पर भी कब्जा करके शौैचालय बना दिया है। उन्होंने जब इसका विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
असरुद्दीन का कहना है कि इससे पूर्व भी शमशान भूमि की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था। उस समय तत्कालीन फरीदाबाद के डीसी ने अवैध कब्जे को हटवा दिया था। उसी समय से गांव के कुछ शरारती तत्व उनके साथ रंजिश रखते हैं। मामले में एसएचओ दीपचंद ने बताया कि जांच और कार्रवाई के लिए एएसआई महेंद्र सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है।