कैंप थाना पुलिस ने चाकुओं से गोदकर हत्या करने के मामले का 24 घंटे में खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी की सडक दुर्घटना में मौत हो गई। एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। कैंप थाना प्रभारी विश्व गौरव ने बताया कि बुधवार की देर रात कुछ युवकों ने गांव सैलोटी निवासी भगत सिंह की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। इस संबंध में कैंप थाना पुलिस ने मृतक के भाई जगत सिंह की शिकायत पर गांव के ही तीन नामजद युवकों सहित छह युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनके परिजनों से पुछताछ शुरू की। पुलिस ने उक्त आरोपियों से भी से भी पुछताछ की लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लग सका। थाना प्रभारी ने बताया कि इसके बाद दूसरे पहलु से जांच शुरू की गई।
जिसमें खुलासा हुआ है कि भगत सिंह की चाकु मारकर हत्या गांव औरंगाबाद निवासी रविंद्र उर्फ रवि व मितरोल निवासी संदीप व भगत सिंह उर्फ सीटू ने की है। पुलिस ने जब उक्त आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी तो पता चला कि जब आरोपी संदीप व रविंद्र भगत सिंह की चाकुओं से गोदकर हत्या कर बाइक द्वारा अपने गांव भाग रहे थे तो नेशनल हाईवे-दो पर गांव औरंगाबाद के निकट अज्ञात वाहन से बाइक की टक्कर हो गई। जिसमें संदीप की मौत हो गई और रविंद्र उर्फ रवि घायल हो गया।
पुलिस ने अस्पताल में दाखिल रविंद्र उर्फ रवि की हालत ठीक होने पर शुक्रवार की देर शाम अस्पताल से छुट्टी कराकर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या करने का कारण जानने का प्रयास कर रही है।