हसनपुर पुलिस द्वारा पकड़े गए चोर।
- फोटो : अमर उजाला
जिला पुलिस ने चोर गिरोह का खुलासा करते हुए आठ लोगों को काबू किया है। आरोपियों को हसनपुर थाना पुलिस व वाहन चोरी निरोधक शाखा पुलिस ने गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर 14-14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हसनपुर थाना पुलिस ने चोरी की योजना बनाते हुए माहोली-हसनपुर रोड से पांच चोरों को दबोच लिया। एसएचओ देवेंद्र के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि पांच चोर वारदात करने की फिराक में खड़े हैं। छापेमारी कर पुलिस ने नवीन, रोहित, अशोक, विकास व भगवान सिंह को काबू कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नवीन नशे का आदि था और नशे की पूर्ति के लिए छोटी-मोटी वारदात करता था। बाद में उसने गैंग बना लिया व बाकी लोगों को भी उसमें शामिल कर लिया। आरोपियों से हजारों रुपये की नगदी, जेवरात व अन्य सामान बरामद हुए हैं।
वहीं पुलिस की वाहन चोरी निरोधक शाखा के प्रभारी इंस्पेक्टर कमल किशोर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कमेटी चौक के समीप तीन युवक खड़े हैं, जो मकानों में चोरी करते हैं। सूचना पर हेड कांस्टेबल विजय सिंह, ईएचसी सुधीर, सिपाही साहून व राशिद की टीम गठित की गई।
बताए गए स्थान पर दबिश देकर दयाबस्ती निवासी अजय उर्फ लतीफ, मोहन नगर निवासी सौरभ उर्फ फौजी व पैंठ मोहल्ला निवासी नौरंग को गिरफ्तार कर लिया। रिमांड के दौरान आरोपियों ने देव नगर स्थित एक मकान से नगदी व आभूषणों की चोरी की वारदात को कबूल किया है। आरोपियों के कब्जे से 7 हजार 500 रुपये की राशि व सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।