होडल सीआईए पुलिस जिले में लूटपाट व भट्टा मालिक का अपहरण करने वाले गिरोह के चार बदमाशों को जयपुर पुलिस से प्रोडेक्शन वारंट पर लाई है। पूछताछ में बदमाशों ने लूट की कई वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने बदमाशों को अदालत से रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इस गिरोह के सरगना व अन्य बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
होडल सीआईए इंचार्ज अव्वास खान ने जानकारी में बताया कि उन्हें सूचना मिली कि पलवल जिले में लूूटपाट करने वाले गिरोह के कुछ सदस्यों को अजमेर, जयपुर पुलिस ने एक लूट के मामले में दबोचा है। पुलिस अदालत से बदमाश यूपी के गांव सहजादपुर निवासी उधम, सैनी निवासी ढिल्लो, हरजेका निवासी अरसद व गांव सिहा निवासी बेदू को प्रोडक्शन वारंट पर पूछताछ के लिए होडल ले आई।
पुलिस ने जब बदमाशों से पूछताछ की तो बदमाशों ने पुलिस को बताया कि उनके गिरोह का मुखिया गांव विशंभरा जिला मथुरा निवासी शाहुन है। उन्होंने बताया कि मार्च में बामनीखेडा से भट्टा मालिका देवेंद्र कुमार का अपहरण किया था, जिसे पुलिस ने सकुशल गांव बिशंभरा से उनके कब्जे से बचा लिया था।
इसके अलावा औरंगाबाद पेट्रोल पंप कर्मियों से 10.26 लाख की लूट की वारदात को भी उन्हीं ने अंजाम दिया। गांव बंचारी के पास से दो स्विफ्ट गाड़ी व एक मारुति लूट की वारदात को भी उन्होंने ही अंजाम दिया। प्रभारी ने बताया कि लूटी गई एक गाड़ी को तो गांव बिशंभरा के पास से बरामद कर लिया है, जबकि अन्य लूट का सामान अभी बरामद करना बाकी है।