शहर थाना क्षेत्र में मेन बाजार में बुधवार की रात चोरों ने दो शोरूम में सेंध लगाकर लाखों की नगदी व सामान पर हाथ साफ कर दिया। बृहस्पतिवार की सुबह सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई।
पुलिस ने जांच के तथ्य जुटाने के लिए मौके पर ही डॉग स्कवॉड व फिंगरप्रिंट टीम को बुलाकर घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। पुलिस ने जुनेजा सिलेक्शन के मालिक वीरेंद्र जुनेजा व शर्मा इंपोरियम के मालिक नरेंद्र की शिकायतों पर केस दर्ज कर लिया है।
शिकायत में है वीरेंद्र जुनेजा ने कहा है कि वे प्रतिदिन की तरह बुधवार की रात शोरूम बंद कर घर चले गए थे। बृहस्पतिवार की सुबह जब वे शोरूम खोलने आए तो पता चला कि ऊपर वाली जगह से शटर टूटा हुआ है। उन्होंने जब शोरूम के अंदर देखा तो गल्ले का ताला टूटा हुआ था व उसमें रखे 9 लाख 85 हजार रुपये भी चोरी थे। पीड़ित के अनुसार चोर उसके शोरूम से लगभग 10 लाख रुपये के सामान पर भी हाथ साफ कर गए।
इसी प्रकार शर्मा इंपोरियम के नरेंद्र ने बताया कि चोर उनके शोरूम के गल्ले में रखे करीब चार लाख रुपये की नगदी व अन्य सामान पर हाथ साफ कर गए। शहर थाना एसएचओ संतोष कुमार के अनुसार शिकायतों पर केस दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।