31पीएएलपी4- पटवार घर में छापेमारी के दौरान शिकायत देते लोग।
31पीएएलपी5- रिकॉर्ड के बारे में पटवारी से पूछताछ करती टीम।
दो पटवारी गैरहाजिर मिले, चार देरी से आए, चार मिले सीट पर मौजूद
लोगों ने की पटवारियों की शिकायत, लिखित शिकायत लेकर उच्चाधिकारियों को भेजी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। पुराना एसडीएम आवास स्थित पटवार घर में अनियमितताओं की शिकायत को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने छापामारी की, जिससे पटवार घर में हड़कंप मच गया। इस दौरान कई पटवारी गैरहाजिर मिले, जबकि कई देरी से पहुंचे। छापेमारी की सूचना मिलते ही पटवार घर में सक्रिय रहने वाले दलाल रफूचक्कर हो गए। टीम ने मौके पर पटवारियों के रिकॉर्ड की जांच की। इस अवसर पर लोगों ने पटवार घर में काम न होने की शिकायत भी टीम से की। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार से भी लोगों ने पटवारियों की शिकायत की। इस अवसर पर टीम ने लोगों के बयान दर्ज कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। टीम ने गैरहाजिर व देरी से पहुंचे पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
छापेमारी मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के अधिकारी सब इंस्पेक्टर सतबीर सिंह के नेतृत्व में की गई। एसआई सतबीर सिंह ने बताया कि पलवल के पटवार घर में अनियमितताओं की शिकायत मिल रही थी। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, पटवार घर में काम कराने के नाम पर रुपये लेने वाले लोग सक्रिय हैं, जो लोगों से काम कराने के नाम पर रुपये ले लेते हैं और लोगों के काम भी नहीं होते। लोग अपने कार्य कराने के लिए महीनों तक चक्कर काटते रहते हैं। डीएसपी राजेश चेची के निर्देश पर टीम गठित कर बुधवार सुबह करीब 10 बजे पुराने एसडीएम निवासी स्थित पटवार घर में छापेमारी की गई। टीम के पहुंचते ही पटवार घर में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। लोगों की भीड़ का फायदा उठा सक्रिय दलाल भाग निकले। पटवार घर में कुल 10 पटवारी बैठते हैं, जिनमें दो पटवारी गैरहाजिर मिले, जबकि चार पटवारी देरी से कार्यालय पहुंचे। अन्य चार पटवारी अपनी सीट पर काम करते मिले। इस दौरान टीम ने रिकॉर्ड की भी जांच की गई। सब इंस्पेक्टर सतबीर सिंह ने बताया कि जांच के दौरान कुछ खामियां मिली हैं, जिस पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
लोगों ने की पटवारियों की शिकायत
मुख्यमंत्री उड़न दस्ता टीम की छापेमारी की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार जीवनदास भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों को कार्रवाई करता देख लोगों ने पटवारियों व वहां मौजूद दलालों की शिकायतें करने लगे। लोगों ने कहा कि पटवार घर में कई-कई महीनों तक कार्य नहीं किए जाते। इस दौरान लोगों ने नायब तहसीलदार की भी शिकायत की कि उनके कार्यालय में जाकर काम रुक जाते हैं। टीम ने सभी लोगों से लिखित में शिकायतें लेकर उच्चाधिकारियों के पास भेज दी हैं।