- गुरुग्राम में टैक्सी चलाता था पलवल निवासी चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। बुधवार रात अलीगढ़ रोड पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगरा नहर में गिर गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार सवार लोगों को बचाने का प्रयास किया। रात में ही गुरुग्राम से एनडीआरएफ टीम बुलाई गई जो कार को निकालने का प्रयास करती रही। करीब 13 घंटे बाद बृहस्पतिवार सुबह कार को नहर से निकाला गया। कार से कुछ दूरी पर चालक का शव मिला है। जिसकी पहचान पलवल के शमशमाबाद निवासी कमल (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। कार में कितने लोग सवार थे इसके बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है।
चांदहट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दलवीर सिंह ने बताया कि बुधवार रात करीब आठ बजे गांव किठवाड़ी के समीप आगरा नहर में मारूती एस प्रेसो कार के गिरने की सूचना मिली। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। गुरुग्राम मानेसर से एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई। गोताखोर पूरी रात कार की तलाश करते रहे। बृहस्पतिवार सुबह क्रेन की सहायता से कार को नहर से निकाला गया। कार के पास ही चालक का शव मिला है।
मृतक कमल के बड़े भाई अशोक ने बताया कि कमल गुरुग्राम में टैक्सी चलाता था। बुधवार को वह अपनी मौसी से मिलने के लिए यूपी के जेवर स्थित गांव पीपली गया था। वापस लौटते समय आगरा नहर पुल से ठीक पहले कार अनियंत्रित होकर पटरी पार करते हुए नहर में जा गिरी। कमल तैरना नहीं जानता था। जिससे वह पानी के तेज बहाव में बह गया।
-
कार सवार अन्य लोगों की जानकारी नहीं
पुलिस व परिजनों के अनुसार कार में सवार लोगों की जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। कमल अपनी मौसी के पास से अकेला चला था, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डूबते समय कार में तीन-चार लोग दिखाई पड़ रहे थे, परंतु शव एक ही बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि खोजबीन की जा रही है।
लिव फॉर नेशन संगठन के युवा बचाव कार्य में जुटे रहे
बता दें कि कार डूबने का वीडियो सबसे पहले लिव फॉर नेशन संगठन के एक सदस्य ने अपने व्हाट्सएप ग्रुप पर शेयर कर दिया। सूचना मिलते ही अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए। पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई, परंतु वे समय पर नहीं पहुंचे। सदस्यों ने रस्सी की मदद से नहर में उतरकर कार को निकालने का प्रयास किया। लेकिन सफल नहीं हो सके। सदस्यों में भीम भारद्वाज, प्रवीण भारद्वाज, महेंद्र तंवर, कपिल भारद्वाज, लक्की शामिल थे।