पलवल। शहर में सड़कों पर हुई अतिक्रमण को लेकर प्रशासन एक्शन में आ गया है। तीन दिन पूर्व हाथ जोड़कर अपील करने के बाद अब प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार को नगर परिषद अधिकारियों ने पुराना जीटी रोड पर अभियान की शुरूआत की। अधिकारी जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पूरे दल-बल के साथ पहुंचे। अभियान के दौरान दुकानों के आगे रखे सामान को नगर परिषद अधिकारियों ने जब्त कर लिया। साथ ही अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के चालान भी किए गए। सामान के अलावा दुकानों के सामने बोर्ड व टीन शेड डालकर किए गए अतिक्रमण को भी जेसीबी मशीन के सहायता से हटा दिया गया।
दरअसल, पलवल शहर के सभी बाजारों में अतिक्रमण एक बड़ी समस्या के रूप में उभर रही है। दुकानदार दुकान में कम व सड़क पर सामान ज्यादा रखते हैं। दोनों तरफ से दुकानों के सामने सामान से आधी से ज्यादा सड़क पर कब्जा किया हुआ है। शहर के पुराने जीटी रोड, रसूलपुर रोड, शेखपुरा मार्केट, जवाहर नगर कैंप, मीनार गेट, रेलवे रोड पर समस्या ज्यादा है। अतिक्रमण को लेकर अब एसडीएम वैशाली सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे नगर परिषद अधिकारी दल बल के साथ पुराना जीटी रोड पर पहुंचे और कार्रवाई शुरू की। दुकानों के सामान जो भी सामान रखा था उसको जब्त करना शुरू कर दिया। दुकानों के लगे टीन शेड व बोर्ड को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे खड़ी रेहड़ियों को भी सीमित दायरे में रखने की चेतावनी दी गई।
जाम को बढ़ाता है अतिक्रमण
शहर में बिगड़ती जाम व्यवस्था में अतिक्रमण अहम भूमिका निभाता है। दुकानों के सामने आधी सड़क पर सामान रख दिया जाता है, इसके अलावा सामान से आगे रेहड़ी खड़ी करवा दी जाती है, जिससे सड़क पर वाहनों को रोकने की जगह नहीं बचती। सड़क पर बची जगह पर वाहन खड़े हो जाते हैं, जिससे सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। शहर के पुराना जीटी रोड, रेलवे रोड, शेखपुरा मार्केट, माल गोदाम रोड, रसूलपुर रोड, जवाहर नगर कैंप व मेन बाजार में अतिक्रमण की समस्या ज्यादा है।
अतिक्रमण हटाने को लेकर जिला प्रशासन की तरफ से निर्देश मिले थे, जिसके तहत दुकानदारों से अतिक्रमण न करने की अपील की गई थी, परंतु दुकानदार नहीं माने। मंगलवार को अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई की गई है, जिसमें सामान को जब्त करने के साथ जुर्माना भी किया गया। आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
- चमन लाल तेवतिया, भवन निरीक्षक, नगर परिषद