पलवल। पलवल-नूह रोड पर सेना में भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ लगाते हुए एक 17 वर्षीय युवक की कार की टक्कर से मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने युवक के परिजनों का शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस कार चालक का सुराग नहीं लगा पाई है।
पुलिस के अनुसार गांव रजोलका निवासी रोयल ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह 11वीं कक्षा में पढ़ता है। 27 दिसंबर को देर शाम करीब सात बजे वह अपने दोस्त अंशुल के साथ पलवल-नूंह रोड पर फौज में भर्ती होने के लिए दौड़ का अभ्यास कर रहे थे। उसी दौरान जब वे दोनों कारना गांव के बस स्टेंड पर दौड़ते हुए पहुंचे तभी एक तेज गति से आई कार ने उन दोनों में टक्कर मार दी। कार की टक्कर लगते ही दोनों दोस्त सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना में अंशुल पक्की सड़क पर गिरा, जबकि वह साइड में कच्चे में जा गिरा, जिससे अंशुल को गंभीर चोटें आई। दुर्घटना के बाद कार चालक अपनी कार को लेकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित अपने दोस्त अंशुल को घायल अवस्था में राहगीरों की मदद से अस्पताल लेकर पहुंचा तो वहां से हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। पीड़ित का कहना है कि अंशुल को दिल्ली ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि कार चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।