संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। महाराष्ट्र से होडल में सस्ता माल देने का झांसा देकर बुलाए गए व्यापारी को हथियारों के बल पर दो दिन तक बंधक बनाने तथा 13 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। यूपी की कोसीकलां पुलिस की जीरो एफआईआर के बाद होडल थाना पुलिस ने व्यापारी के पिता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना 18 जुलाई 2023 की बताई गई है।
होडल थाना प्रभारी उमर मोहम्मद के अनुसार महाराष्ट्र के जिला पालगढ़ के अभिनंदन अपार्टमेंट निवासी लक्ष्मी यादव ने 18 जुलाई 2023 को यूपी के कोसी थाना में दी शिकायत में कहा है कि उनके बेटे दिनेश का सेल पर्चेज का व्यापार है। जिसके संबंध में अपनी वेबसाइट पर पता व फोन नंबर भी डाला हुआ है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मानसिंह नामक व्यक्ति ने कहा कि उसकी कंपनी कोसीकलां व दिल्ली में है और उनके पास कार्बन का काफी माल है, जिसे वह सस्ते दामों पर दे देंगे। पीड़ित मुंबई से ट्रेन में सवार होकर मथुरा पहुंचा तो वहां से आरोपी उसे लेकर मथुरा गांव कोटवन इंडस्ट्रियल एरिया में पहुंचे और वहां स्थित एक कंपनी को अपनी कंपनी बताया। इसके बाद आरोपी उसके बेटे दिनेश को होडल ले आए। होडल में हसनपुर चौक स्थित किंग्स इन ओयो होटल में करीब आधे घंटे तक रखा। जिसके बाद होडल के बाहर आ गए। ओयो होटल से आरोपी उसके बेटे दिनेश को एक स्विफ्ट कार में बैठकर ले गए और दो दिन तक बंधक बनाकर रखा। आरोपियों ने दिनेश को छोड़ने के लिए उनके पास फोन कराया और 90 लाख रुपये की मांग की, लेकिन बाद में 45 लाख रुपये में छोड़ने की बात तय हो गई। पीड़ित ने शिकायत में बताया कि उनके पास इतना पैसा नहीं था, जिसके चलते आरोपियों ने दिनेश से साढ़े 13 लाख रुपये लेने के बाद उसे हरियाणा-यूपी बॉर्डर के पास छोड़ दिया। जिसके बाद उसका बेटा दिनेश जैसे-तैसे घर पहुंचा और कोसी थाना पुलिस को सूचना दी। जहां से जीरो एफआईआर दर्ज कर होडल थाना पुलिस को भेज दी। होडल थाना प्रभारी उमर मोहम्मद ने बताया कि पीड़ित पिता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।