एनएच-8 पर नैचाना कट के पास शनिवार सुबह दिल्ली से जयपुर जा रही हरियाणा
रोडवेज की बस और ट्राले की टक्कर में बस यात्री राजस्थान निवासी गोवर्धन की
मौत हो गई।
दुर्घटना में बस चालक हरि सिंह व परिचालक विनोद सहित
13 व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बावल में
भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल बस चालक को रेवाड़ी रेफर कर
दिया और बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। ट्राला चालक घटनास्थल
पर ट्राला छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस के परिचालक के बयान पर ट्राला
चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जांच अधिकारी एसआई वीरेंद्र
सिंह ने बताया कि सुबह 7 बजे के करीब एनएच-8 पर नैचाना कट के पास जयपुर की
ओर जार हे ट्राला चालक ने एकाएक ब्रेक लगा दिए, जिसके चलते पीछे से आ रही
हरियाणा रोडवेज की बस ट्राले से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि
दुर्घटना में बस के चालक की सीट के पीछे बैठे राजस्थान के गोवर्धन की
घटनास्थल पर मौत हो गई और बस के चालक व परिचालक सहित 13 व्यक्ति घायल हो
गए।