हरियाणा के जिला सिरसा के उपमंडल डबवाली में रेलवे फाटक के नजदीक 60 वर्षीय वृद्धा को अगवा करशनिवार सुबह चलती कार में स्वर्ण आभूषण और पांच हजार रुपये की नकदी लूट लिया।
वारदात में तीन महिलाएं और एक युवक शामिल रहा। उधर, शहर थाना पुलिस का कहना है कि अभी तक लिखित में कोई शिकायत नहीं मिली है।
गांव लंबी (पंजाब) निवासी 60 वर्षीय जसवीर कौर शनिवार सुबह करीब 11 बजे रेलवे फाटक के पास मलोट रोड से होती हुई पैदल ही मंडी किलियांवाली स्थित बस अड्डा की ओर जा रही थीं।
इसी दौरान एक मारुति कार उसके पास आकर रुकी। कार से उतरी एक युवती ने कहा कि वह गांव लंबी निवासी गुरनाम सिंह की पुत्री है और वह भी गांव जा रही है।
उसके साथ कार में बैठ जाए। जब वृद्धा ने मना किया तो युवती ने जबरदस्ती कार में बैठा लिया। कार में पहले से एक युवक और दो महिलाएं सवार थीं।
महिलाओं ने उसे बीच में बैठाया। जब उसने शोर मचाया तो चालक ने उसके मुंह पर हाथ रखा। बाद में हनुमान मंदिर के पास कार से धक्का देकर भाग गए।
वृद्धा ने जब खुद को संभाला तो पाया कि एक तोले की दो बाली, आधे तोले की अंगूठी और थैले में रखे पांच हजार रुपये गायब थे।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची वृद्धा की बहू कर्मजीत कौर ने बताया कि उसकी सास गांव देसूमलकाना में अपने भाई गुरमीत सिंह से मिलने के लिए गई थी।
गुरमीत सिंह ने उसे 5000 रुपये दिए थे। उधर, गोल बाजार पुलिस चौकी प्रभारी एसआई कृष्ण ठाकुर ने बताया कि लिखित रूप से कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी।