विजिलेंस ब्यूरो ने शुक्रवार देर शाम जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किए गए जुलाना के मेडिकल ऑफिसर डा. संजीव देशवाल को शनिवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट धर्मपाल की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं।
जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल ऑफिसर डा. संजीव देशवाल के खिलाफ जुलाना के वार्ड नंबर-4 के सुनील ने विजिलेंस को यह शिकायत की थी कि डा. संजीव देशवाल ने उसके चचेरे भाई अमित की एमएलआर में ज्यादा गंभीर चोट दिखाने के नाम पर उससे तीन हजार रुपये रिश्वत की मांग की है।
विजिलेंस ने शुक्रवार देर शाम जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रेड कर डा. संजीव देशवाल को जुलाना के सुनील से तीन हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। शनिवार को डा. संजीव देशवाल को विजिलेंस टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट धर्मपाल के सामने पेश किया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने डा. संजीव देशवाल को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं।