सतनाली। सतनाली स्थित रेलवे स्टेशन पर रेल संघर्ष समिति की वर्षों से चली आ रही मांग अब पूरी होती दिखाई दे रही है। रेलवे की ओर से सतनाली रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। अब लोगों को ट्रैक पार करने में कोई जोखिम भी नहीं उठाना पड़ेगा।
लंबे समय से रेल संघर्ष समिति रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग करती आ रही थी। वहीं जिम्मेदारों का दावा है कि एक माह के समय में रेल यात्रियाें व लोगों को जल्द ही फुट ओवरब्रिज की सुविधा मिल जाएगी। इससे पहले यात्रियों को फुट ओवरब्रिज के अभाव में जान जोखिम में डालकर तीन-तीन लाइनों को पार कर दूसरी ओर जाना पड़ता था अब रेलवे ओवरब्रिज का कार्य शुरू हो गया है, जिससे लोग अब आसानी से स्टेशन के दूसरे प्लेटफार्म पर आवागमन कर सकेंगे। रेलवे संघर्ष समिति के प्रधान दीवान सिंह शेखावत ने बताया कि पिछले दस सालों से फुट ओवरब्रिज की मांग की जा रही थी। अब रेलवे की ओर से इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। स्टेशन से प्रतिदिन 600 से अधिक यात्रा सफर करते हैं। फुट ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को कोई परेशानी भी नहीं रहेगी।