नारनौल। दीपावली पर्व से पूर्व शहर जगमग करने के लिए नगर परिषद ने शहर में बंद व खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाने का कार्य शुरू कर दिया है। शहर में बंद व खराब पड़ी लाइट का मुद्दा गत 24 अक्तूबर को अमर उजाला द्वारा उठाया गया था। इसके बाद नगर परिषद प्रशासन ने शहर में विभिन्न स्थानों पर खराब व बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की ठीक करने का टेंडर जारी किया है। इसके तहत ठेकेदार द्वारा शहर में बंद व खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक किया जा रहा है। वहीं नई स्ट्रीट लाइटें खरीदने के लिए भी प्रपोजल तैयार किया जा रहा है।
शहर की स्ट्रीट लाइटा की मरम्मत का टेंडर छह माह पहले समाप्त होने के कारण शहर के अधिकांश मोहल्लों, बाजारों व मुख्य मार्गाें पर लगी स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी है। इस कारण त्योहारी सीजन में शहर के अधिकांश मोहल्ले व गलियां अंधेरे में डूबे हुए है। इससे न केवल आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है बल्कि रात के मोहल्लाें में अंधेरा भी छाया रहता है। उक्त समस्या को लेकर शहरवासियों ने अनेक बार संबंधित अधिकारियों से मांग की, मगर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इस पर अमर उजाला ने गत 24 अक्तूबर को शहरवासियों की इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। इस पर संज्ञान लेते हुए नगर परिषद ने शहर की स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने संबंधित टेंडर जारी किया है।
नई लाइटे खरीद पर सरकार ने लगाई है रोक
नई स्ट्रीट लाइटें खरीद पर प्रदेश सरकार ने पूरे प्रदेश में रोक लगाई हुई है। केवल पहले से लगी लाइटों को ही शत-प्रतिशत डैमेज होने की स्थिति में बदलने के आदेश है। इस प्रकार नगर परिषद नारनौल द्वारा लंबे समय से नई स्ट्रीट लाइटें नहीं खरीद की गई है। इसके अलावा स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत व देखभाल का अनुबंध भी छह माह पूर्व समाप्त हो चुका है। हालांकि नगर परिषद अधिकारियों द्वारा पार्षदों व लोगों की मांग पर नई लाइटें खरीदने का प्रपोजल तैयार किया है। संभावना है कि आगामी कुछ समय में शहर में नई लाइटें आ जाए।
शहर की स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने का टेंडर जारी कर दिया। जबकि ठेकेदार को दीपावली से पूर्व सभी खराब व बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट को चालू करने के निर्देश दिए है। इसके अलावा नई लाइटें खरीदने का भी प्रपोजल तैयार किया जा रहा है।
-अनिल कुमार, सचिव, नगर परिषद, नारनौल।