संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी अटेली। सिक्किम में 11 से 16 अप्रैल तक आयोजित फर्स्ट चीफ मिनिस्टर गोल्ड कप वालीबॉल टूर्नामेंट में गांव बजाड़ निवासी खिलाड़ी चिराग यादव की कप्तानी में टीम ने गोल्ड कप जीता है। टीम को 20 लाख रुपये के साथ प्रशस्ति पत्र भी दिया गया है। टूर्नामेंट में चिराग मैन ऑफ द मैच भी रहे।
चिराग नौसेना में जेसीओ पद पर कार्यरत हैं और नौसेना टीम के कप्तान हैं। इससे पहले भी उनकी कप्तानी में अनेक चैंपियनशिप, टूर्नामेंट, नेशनल गेम्स, प्राइम वालीबॉल लीग आदि प्रतियोगिताओं में टीम पद जीत चुकी है। अभी हाल ही में वालीबॉल के वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स में द्वितीय स्थान पर रह कर सिल्वर मेडल हासिल किया था। चिराग के पिता सुरेश कुमार हरियाणा रोडवेज नारनौल डिपो में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि फर्स्ट चीफ मिनिस्टर गोल्ड कप वालीबॉल टूर्नामेंट सिक्किम में 11 से 16 अप्रैल तक हुआ था। इसमें सिक्किम के सीएम प्रेम सिंह तमांग ने टीम के कप्तान को नकद राशि व प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत किया।
चिराग वालीबॉल की विभिन्न प्रतियोगिताओं में एक दर्जन से अधिक देशों में खेल कर कीर्तिमान स्थापित कर चुके हैं। इस उपलब्धि पर खिलाड़ी के दादा राम कुमार, दादी संतरा देवी, ताऊ इंस्पेक्टर नरेश कुमार, चाचा दिनेश मास्टर, मां सुमन देवी, भाई असिस्टेंट कमांडेंट अजय कुमार ने चिराग को बधाई दी है।
चिराग की यह रहीं उपलब्धियां
चिराग की कप्तानी में बहरीन में आयोजित जूनियर एशियन चैंपियनशिप 2018 में भारत ने 8वां स्थान हासिल किया था। इसके बाद अक्तूबर 2018 में अंडर-19 के स्कूल गेम्स में भी ब्रॉन्ज मेडल जीत चुके हैं। अगस्त 2019 में अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल अपने नाम कर चुके हैं। इस प्रतियोगिता में पहली बार भारत को सिल्वर मेडल मिला था। गुवाहाटी में 2020 में खेलो इंडिया यूथ गेम्स में गोल्ड मेडल प्राप्त कर चुके हैं। खास बात यह रही कि इस टीम के कप्तान चिराग ही थे।