संवाद न्यूज एजेंसी
कनीना। गांव फैजाबाद से मोहनपुर तक की सड़क का नव निर्माण 20.21 करोड़ रुपये से किया जाएगा। 29.70 किलोमीटर लंबी इस सड़क के जर्जर होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है।
गांव फैजाबाद से मोहनपुर तक सड़क जर्जर हो गई है। जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इसके चलते लोगों को आवागमन करने में परेशानी होती है। इस सड़क को दुरुस्त होने से 10 गांवों की करीब 30 हजार की आबादी को सहूलियत होगी। लोक निर्माण विभाग की ओर से इस 29.70 किलोमीटर लंबी सड़क के नव निर्माण पर 20.21 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस मार्ग के लिए विभाग की ओर बजट जारी कर दिया गया। जल्द ही इसका टेंडर लगा कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इस मार्ग के बनने से दौंगड़ा अहीर, बेवल, मुंडिया खेड़ा, सुंदरह, खासपुरा, खासपुर, नांगल मोहनपुर, फैजाबाद, कनीना समेत आसपास के गांव के 10 से अधिक गांवों के करीब 30 हजार से अधिक आबादी के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। यह सड़क जनवरी 2021 में बनाई गई थी लेकिन वर्तमान में जर्जर हो गई है। इसको देखते हुए सड़क का पुनर्निर्माण किया जाएगा।
यह मार्ग न केवल फैजाबाद और मोहनपुर को कनीना से जोड़ता है बल्कि आस-पास के दर्जनों गांवों के लोग भी इस सड़क से गुजरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति कई वर्षों से बेहद खराब थी, जिससे आवागमन, व्यापार और आपातकालीन सेवाओं में बाधा आ रही थी। अब इसके पुनर्निर्माण से न सिर्फ सुविधा बढ़ेगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी रफ्तार मिलेगी।
- वर्जन:-
फैजाबाद से मोहनपुर तक सड़क का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। इसके लिए बजट जारी कर दिया गया है। जल्द टेंडर लगाकर आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। - अश्वनी कुमार, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग महेंद्रगढ़