मंडी अटेली। गांव सलीमपुर की ग्राम पंचायत ने नशे के खिलाफ मुहिम चलाई है। इसके बाद भी गोकलपुर गांव में शराब का ठेका खोल दिया गया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
सलीमपुर की सरपंच आरती यादव ने बताया कि बीडीपीओ कार्यालय से सूचना मिली थी कि यदि कोई पंचायत अपने गांव में शराब का ठेका नहीं खुलवाना चाहती है तो वह प्रस्ताव पारित कार्यालय में जमा कर सकता है। सूचना के बाद पंचायत ने बैठक कर प्रस्ताव पारित किया। उसे बीडीपीओ कार्यालय में जमा भी करवा दिया।
जब से वह सरपंच बनी हैं तब से लेकर वह गांव में नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में लोगों को जागरूक करती रहती हैं। गोकलपुर गांव सलीमपुर से सटा हुआ है। गोकलपुर की अधिकतर जमीन सलीमपुर गांव में है। उन्होंने कहा कि अगर जिला प्रशासन गांव से शराब का ठेका नहीं हटवाती है तो वह आंदोलन करेंगी।