मंडी अटेली। खंड के गांव खेड़ी के खेत में शनिवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिला है। पुलिस ने मृतक के बेटे आकाश की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव का नारनौल सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उतर प्रदेश के जिला झांसी के गांव लोहागढ़ निवासी बब्बू (55) अपने दामाद पूर्ण सिंह निवासी गांव खेड़ी के पास तीन दिन पहले आया था। शनिवार सुबह उसका शव गांव के एक खेत में पड़ा हुआ मिला। जिसके गले में फांसी का फंदा लगा हुआ था। पुलिस को सूचना दामाद ने फोन से दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नारनौल सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। बताया जाता है कि बब्बू अक्सर दामाद के पास आता जाता रहता था। घटना के समय पूर्ण की पत्नी घरेलू कहासुनी के कारण मायके गई हुई थी। आकाश ने अपने जीजा पूर्ण पर ही हत्या करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोप की जांच में जुटी हुई है। संवाद