फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अल्ट्रासाउंड केंद्र की मशीन सील, दो गिरफ्तार

Sat, 12 Dec 2015 01:08 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला नारनाैल
विज्ञापन
विज्ञापन
महेंद्रगढ़। जय अल्ट्रासाउंड केंद्र की मशीन को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने देर रात सील कर दिया। पुलिस ने टीम की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। दोनों को कोर्ट के आदेश पर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार को एसडीएम नारनौल विवेक कालिया और डीएसपी तान्या सिंह की टीम ने जय अल्ट्रासाउंड सेंटर पर रेड की थी। रेड के दौरान दो लोगों को काबू किया। दोनों लोगों से टीम ने 14 हजार रुपये की नगदी बरामद की, जो टीम ने डिकॉय पेशेंट बनाकर लिंग जांच के लिए दिए थे। नोट बरामद होने के बाद अल्ट्रासाउंड केंद्र में केस के मुख्य आरोपी डॉक्टर को पकड़ने के लिए पुलिस को काफी पसीना बहाना पड़ा था। उसके बावजूद टीम उसे पकड़ नहीं पाई। डा. प्रदीप ने बाथरूम में घुसकर अंदर से कुंडी लगा ली थी और कोई अनहोनी करने की धमकी दी थी। इसके बाद टीम बैकफुट पर आ गई और डॉक्टर मौके से भाग गया। बाद में स्वास्थ्य विभाग के डा. अश्विनी रोहिल्ला की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने संचालक डा. प्रदीप, लावन निवासी कृष्ण और निमोठ निवासी नारायण के खिलाफ पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

- इस साल की तीसरी रेड
नीतू नर्सिंग होम में चलने वाले अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर लगातार रेड की जा रही है। पहले इस नर्सिंग होम में दीप अल्ट्रासाउंड के नाम से सेंटर चलता था। वर्तमान में जय अल्ट्रासाउंड सेंटर चला रहे थे। सेंटर पर मार्च में पहली बार सीएमओ एनके गर्ग ने रेड की थी। वहीं जून माह में भी रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ की संयुक्त टीम ने रेड की। अब बृहस्पतिवार को डीएसपी तान्या सिंह और नारनौल के एसडीएम विवेक कालिया की टीम ने रेड की है। 
विज्ञापन

- दूसरी बार फिर फरार हुआ डॉक्टर
जून माह में जब पुलिस ने रेड की थी तो उसे मौके से ही गिरफ्तार किया था। डॉक्टर प्रदीप को जब थाने में लाया गया तो वह थाने से भाग गया था। मामले में दो कांस्टेबल पर गाज गिरी थी, उन्हें सस्पेंड कर दिया गया। वहीं वर्तमान में तीन दरवाजे तोड़कर डॉक्टर तक पहुंची टीम आरोपी की एक धमकी से बैरंग लौट गई और वह फिर से निकल गया।

वर्जन
स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन्हें कोर्ट में पेश किया जा चुका है। जहां से दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मुख्य आरोपी डॉक्टर प्रदीप की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। - ओमप्रकाश, डीएसपी
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें