नारनौल/महेंद्रगढ़। उत्तर पश्चिम रेलवे ने गोगामेड़ी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। मेले में यात्रियों की भीड़ की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
रेवाड़ी और गोगामेड़ी के बीच दो जोड़ी दैनिक एक्सप्रेस मेला स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी। दोनों विशेष रेलसेवाएं महेंद्रगढ़, लोहारू और सादुलपुर स्टेशनों पर ठहराव करेंगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 04791 रेवाड़ी-गोगामेड़ी मेला स्पेशल 31 अगस्त 2026 से 9 सितंबर 2026 तक 10 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन 18 सितंबर 2026 से 21 सितंबर 2026 तक चार अतिरिक्त फेरे भी लगाएगी। यह रेवाड़ी से सुबह 6:15 बजे रवाना होकर 10:15 बजे गोगामेड़ी पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04792 गोगामेड़ी-रेवाड़ी मेला स्पेशल गोगामेड़ी से 10:45 बजे चलकर 16:50 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। दूसरी रेलसेवा, गाड़ी संख्या 04795 रेवाड़ी-गोगामेड़ी मेला स्पेशल, 30 अगस्त 2026 से 9 सितंबर 2026 तक 11 फेरे लगाएगी। यह 18 सितंबर 2026 से 20 सितंबर 2026 तक तीन अतिरिक्त फेरे लगाएगी।
यह रेवाड़ी से शाम 6:10 बजे रवाना होकर रात 11:10 बजे गोगामेड़ी पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 04796 गोगामेड़ी-रेवाड़ी मेला स्पेशल गोगामेड़ी से रात 11:40 बजे चलकर अगले दिन सुबह 5:15 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।
आंशिक रूप से रद्द रहेंगी कुछ ट्रेनें
मेले के कारण कुछ नियमित रेलसेवाएं आंशिक रूप से रद्द रहेंगी। गाड़ी संख्या 54309 दिल्ली-हिसार और 54315 रेवाड़ी-हिसार 28 अगस्त 2026 से 26 सितंबर 2026 तक सादुलपुर-हिसार के बीच रद्द रहेगी। इसी तरह, गाड़ी संख्या 54310 हिसार-दिल्ली और 54316 हिसार-रेवाड़ी 29 अगस्त 2026 से 26 सितंबर 2026 तक हिसार-सादुलपुर के बीच आंशिक रद्द रहेगी। यात्रियों को यात्रा से पहले इन बदलावों की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।