निजामपुर क्षेत्र के गांव सरेली के पास डंपरों की धूल से परेशान होकर ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इससे करीब 40 मिनट तक आवागमन बाधित रहा। जिसकी वजह से वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम लगने की सूचना मिलते ही निजामपुर थाना एसएचओ मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाया।
शुक्रवार को करीब 11 बजे गांव सरेली के पास लगती ढाणी के ग्रामीणों ने निजामपुर-धोलेडा रोड को जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि डंपरों की वजह से हर समय धूल मिट्टी उड़ती रहती है। इस वजह से उनका रहना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना था कि क्रशर जोन से रोजाना सैकड़ों ओवरलोड डंपर उनके घरों के सामने से निकलते हैं। यह रोड टूटा पड़ा है, जिसकी वजह से हर समय धूल उड़ती रहती है। ग्रामीणों का कहना था कि इस धूल से अब तो स्वास्थ्य भी खराब रहने लग गया है। सबसे ज्यादा यहां के लोगों को सांस लेने में परेशानी होती है। लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। अगर सड़क पर पानी का छिड़काव कर दिया जाए तो इस समस्या से निजात मिल सकती है। हालांकि जाम की सूचना मिलने पर निजामपुर थाना एसएचओ जगदीश ने जाम को खुलवाया और सड़क पर पानी का छिड़काव करवाया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर करीब आधे घंटे बाद जाम खुलवा दिया। जाम की वजह से इस मार्ग के दोनों और वाहनों की लंबी कतार भी लग गई। इस कारण इस मार्ग पर आने जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ा।