परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश की यह पहली सरकार है जिसने ईमानदारी से अपना फर्ज निभाया है। सरकार ने महाराणा प्रताप के सपने को साकार करने का काम किया है जिसमें सभी बिरादरी को एक समान अवसर दिया है। जो लोग किसानों के नाम पर राजनीति कर रहे हैं उन्होंने अपने शासनकाल में मुआवजा के नाम पर किसानों के साथ मजाक किया था। पहले की सरकारों में सरपंच व नंबरदार के बेटे लगते थे भाजपा की सरकार ने मेरिट के आधार पर नौकरी देने का काम किया है। उन्होंने सतनाली कालेज से स्पेशल बसें चलाने की भी घोषणा की व सामुदायिक केंद्र के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की।
शुक्रवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप स्मृति दिवस पर महाराणा प्रताप सामुदायिक भवन सतनाली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने ये विचार व्यक्त किए। इस दौरान उन्हाेंने कहा कि महाराणा प्रताप किसी एक बिरादरी के नहीं बल्कि भारत माता के वीर सपूत थे। पूरी दुनिया में महाराणा प्रताप का नाम बड़े सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्होंने लंबे समय तक मुगलों के साथ लड़ाई लड़कर इस देश को बचाया है।
इस मौके पर पूर्व शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा ने महाराणा प्रताप को नमन करते हुए कहा कि दुनिया के सबसे वीर योद्धा थे तथा उन्होंने गुलामी स्वीकार नहीं थी। उनकी याद में बन रहा यह सामुदायिक भवन इस इलाके के लिए एक बहुत बड़ा तोहफा होगा। हलके के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे। अभी भी वे इस इलाके के चौकीदार हैं। उनके साथ मिलकर सभी अधूरे कार्यों को पूरा करवाएंगे। विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि पर्यटक आते हैं और उड़ान भर जाते हैं। उन्हें इलाके के विकास से कोई लेना देना नहीं होता। सतनाली एक ऐसा कस्बा है जहां सबसे पहले सीवर लाइन बिछाने का काम किया है। आगे भी इसी प्रकार पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने कहा कि हर भारतीय अपने आप को महाराणा प्रताप से जोड़ने की बात करता है। राजा तो बहुत हुए लेकिन महाराणा जैसा कोई नहीं हुआ। उन्हीं की बदौलत आज देश सुरक्षित है। हलके के लोगों से आह्वान किया कि वे भविष्य में एकजुट होकर ऐसे नेता का साथ दें। आपसी नाराजगी में उस नेता का नहीं बल्कि अपना नुकसान कर बैठते हैं। भविष्य में अपने नेतृत्व को कभी भी कमजोर न पड़ने दें।
इस मौके पर श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह, डॉ राजेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा एडवोकेट , पूर्व विधायक राधेश्याम शर्मा. शिव कुमार मेहता, दयाराम यादव, रमेश तंवर, सरला यादव, भागीरथ सिंह, बलबीर सिंह शेखावत, ललित एडवोकेट, लीला साहब, चंद्रकला यादव एडवोकेट, मोनिका नागर, पवन शेखावत एडवोकेट, दीवान सिंह शेखावत तथा मनवीर साहब सहित अनेक क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।