फोटो संख्या:-53 सतनाली रेलवे स्टेशन पर बनाया गया पुल। संवाद
सतनाली। स्थानीय सतनाली रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण का कार्य अंतिम चरण में हैं। 20 दिन में यह कार्य पूरा होने की उम्मीद है। स्टेशन के प्लेटफार्म पर डिस्प्ले बोर्ड लगाए जा रहे हैं। अब यात्रियों को डिस्पले पर ट्रेन की जानकारी मिलेगी।
एजेंसी संचालक आनंद ने बताया कि रेलवे की ओर से स्टेशन पर कई आधुनिक व्यवस्थाएं स्थापित की जा रही हैं, जिनमें से अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं। एक महीने में यात्रियों को सभी नई सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
स्टेशन पर प्लेटफ़ॉर्म नंबर-1 के विकास का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। यात्रियों की सुविधा के लिए कोच गाइडेंस डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए जा रहे हैं जो ट्रेन के कोच की सही स्थिति की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराएंगे।
फुटओवर ब्रिज के ऊपर नई सिग्नल लाइन डिस्प्ले स्क्रीनें भी लगाई जा रही हैं ताकि यात्रियों को ट्रेन संबंधी जानकारी स्पष्ट रूप से मिल सके। इसके अतिरिक्त, वेटिंग हॉल के ऊपर एक बड़ा डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड स्थापित किया जाएगा, जो ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान और प्लेटफ़ॉर्म की जानकारी प्रदर्शित करेगा।
घोषणा सिस्टम का कार्य पूरा
रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल में एक आधुनिक डिजिटल व्हाइट क्लॉक भी लगाई जाएगी जिससे यात्रियों को सटीक समय का पता चल सकेगा। स्टेशन पर नई पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम का कार्य भी पूरी तरह से संपन्न हो चुका है। यह कार्य फरवरी 2026 में शुरू हुआ था और अब अंतिम चरण में है।