नारनौल। जिला युवा महोत्सव में भाग लेने के इच्छुक युवाओं के पास पंजीकरण के लिए आज का दिन ही शेष है। आईटीआई के प्रिंसिपल विनोद खनगवाल ने बताया कि 16 नवंबर पंजीकरण की अंतिम तिथि है। इसके बाद किसी भी युवा का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो युवा अब तक पंजीकरण नहीं करवा पाए हैं, वे बिना देरी किए प्रक्रिया पूरी कर लें।
प्रिंसिपल ने बताया कि महोत्सव में भाग लेने के लिए मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। पोर्टल पर पंजीकरण के बाद आवेदन फॉर्म आईटीआई में जमा करवाना होगा।
फॉर्म के साथ आयु प्रमाण, आधार कार्ड, पीपीपी आईडी और बैंक विवरण की प्रति लगानी होगी। दस्तावेज अधूरे होने पर आवेदन मान्य नहीं होगा। किसी भी जानकारी के लिए युवा नजदीकी राजकीय आईटीआई में संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने पात्रता की शर्तें भी स्पष्ट कीं। प्रतिभागी की आयु 17 अगस्त 2026 को 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। एक युवा केवल एक ही श्रेणी में भाग ले सकेगा। पिछले वर्ष सांस्कृतिक ट्रैक में भाग ले चुके युवा इस बार पात्र नहीं होंगे।
खनगवाल ने बताया कि महोत्सव 19 और 20 नवंबर को लघु सचिवालय के पास स्थित सभागार में होगा। इसकी थीम नशा मुक्त युवा-विकसित भारत रखी गई है। जिला स्तर पर समूह लोक नृत्य, समूह लोक गीत, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और कविता लेखन की प्रतियोगिताएं होंगी। लोक वाद्य यंत्र समूह की प्रतियोगिता सीधे राज्य स्तर पर करवाई जाएगी।
प्रत्येक विधा में प्रथम स्थान पर रहने वाले को नकद पुरस्कार मिलेगा। जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय महोत्सव में भाग लेंगे। वहां चयनित युवाओं को 10 से 12 जनवरी 2027 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव में प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।