नारनौल। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार की अदालत ने जानलेवा हमले के एक मामले में आरोपी गांव कुराहवटा निवासी अरुण उर्फ झूथर को नियमित जमानत दे दी है। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला सुनाया।
शिकायतकर्ता धर्मेंद्र ने सदर थाना महेंद्रगढ़ में दी शिकायत में बताया था कि 3 जून की रात को वह आस्था ढाबा, कुराहवटा गया था। वहां राहुल, अरुण और गौरव से उसकी सामान्य बातचीत हुई। आरोप है कि इसके बाद तीनों ने मिलकर उस पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया और उसे मरा हुआ समझकर फरार हो गए।
आरोपी के वकील ने दलील दी कि आरोपी 7 जुलाई से जेल में बंद है। घटना 3 जून की थी लेकिन शिकायत 11 जून को दी गई। इसके अलावा, मेडिकल रिपोर्ट में कोई भी चोट शरीर के किसी महत्वपूर्ण हिस्से पर नहीं पाई गई। सरकारी वकील ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि चोटें गंभीर प्रकृति की हैं और आरोपियों से लोहे के पाइप बरामद किए गए हैं।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने माना कि लंबे समय तक हिरासत में रखने से कोई उद्देश्य पूरा नहीं होगा। अदालत ने 50 हजार रुपये के मुचलके और एक जमानतदार पर जमानत मंजूर करते हुए गवाहों को प्रभावित न करने और सबूतों से छेड़छाड़ न करने जैसी कड़ी शर्तें लगाई हैं।