गोकलपुर में लोगों द्वारा तोड़े गए विश्राम गृह के शीशे। संवाद
- फोटो : Narnol
नेशनल हाईवे नंबर 11 के विश्राम गृह में लगाते गए शीशों को तीन लोगों ने तोड़ दिया और सुरक्षाकर्मी की पिटाई करते हुए उसे घायल कर दिया। पुलिस ने घायल सुरक्षाकर्मी की शिकायत पर 2 नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव सागरपुर निवासी निहाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक कंपनी में सुरक्षाकर्मी है। गोकलपुर के नजदीक नेशनल हाईवे-11 के बनाए गए विश्राम गृह में वह रात में ड्यूटी देता है। कंपनी में ही कर्मचारी पूर्णचंद, रवि और एक अन्य के साथ आया और विश्राम गृह में लगाए गए शीशों को लाठी-डंडों से तोड़ने लगा। जब उसने उनको रोकना चाहा तो उसकी भी पिटाई की गई। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने उसे अटेली से सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। निहाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि हमलावरों द्वारा लगभग 4 लाख रुपये का नुकसान किया है। पुलिस ने उक्त तीनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।