नारनौल। दिल्ली पुलिस में नौकरी लगाने के नाम पर तीन लाख रुपये की ठगने का मामला आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो लोगों पर नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया है।
निजामपुर पुलिस थाने में दी शिकायत में कृष्ण कुमार ने वासी कारोली ने बताया कि वह भेड़ बकरिया चराकर परिवार का पालन पोषण करता था। पप्पु वासी साढराना जिला गुरुग्राम करीब 10 साल से उससे भेड़ बकरिया खरीद कर ले जाता था। पप्पु अगस्त 2020 में उसके पास भेड़ बकरियां लेने के लिए आया था। तब पप्पु ने उसके बेटे मुकेश को दिल्ली पुलिस में नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। आरोपी ने कहा था कि अगर तुझे अपने बेटे मुकेश को नौकरी लगवाना है तो तीन लाख रुपये लगेंगे। 24 अगस्त 2020 को तीन लाख रुपये का प्रबंध करके वह और उसका लड़का पप्पु के घर साढ़राना चले गए। वहां पर पप्पु ने एक व्यक्ति को अपने घर पर बुलाया और उसे बताया कि यह रोहतास वासी समालपुर गुरुग्राम है और यह फौज में अफसर है। रोहतास की बड़े-बड़े अफसरों से जान पहचान है। रोहतास ने उससे कहा कि तीन महीने के अंदर उसके लड़के को नौकरी लगवा देगा। उसने कहा कि तीन लाख रुपये अभी दे दे और तीन लाख रुपये नौकरी लगने के बाद दे देना। जिस पर उसने रोहतास को मुकेश के कागजात की फोटोकॉपी व तीन लाख रुपये दे दिए। तीन महीने निकलने के बाद भी उसके लङ़के मुकेश को नौकरी नहीं लगवाया। अब करीब दो महीने पहले उसने रोहतास को कहा कि उसने अपने बेटे को नौकरी नहीं लगवाना, तीन लाख रुपये वापस दे जिस पर रोहतास 2-3 दिन का नाम लेकर आगे का समय देता रहता है। पुलिस ने पीड़ित कृष्ण कुमार की शिकायत पर दो लोगों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।