फोटो संख्या:57- मलेशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए रव
महेंद्रगढ़। गौतम बुद्ध स्पोर्ट्स अकादमी के तीन खिलाड़ी युवान, सागर और मानव मलयेशिया में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। प्रतियोगिता 30 और 31 अक्तूबर तथा 1 नवंबर को आयोजित होगी। तीनों खिलाड़ी मंगलवार को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मलेशिया रवाना हुए। उनकी इस उपलब्धि से अकादमी, परिवारों और क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों के रवाना होने से पहले विधायक कंवर सिंह यादव, नगर परिषद चेयरमैन रमेश सैनी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेना बड़ी उपलब्धि है। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ दूसरे देशों के खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया।
कोच ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता में उनके अभिभावकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अकादमी का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर जिला, प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीनों खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर देश और महेंद्रगढ़ का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर रविंद्र कुमार, प्रवीण कुमार, डॉ. भंवर सिंह, सैनी सभा प्रधान सुरेश सैनी, ओमप्रकाश टांक और जगबीर सिंह सहित अन्य लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।