नारनौल। लग्न कार्यक्रम में मारपीट कर नकदी और चेन छीनने की घटना के तीन आरोपियों को शहर थाना पुलिस नारनौल ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सुरेंद्र उर्फ आशु राव, संदीप उर्फ बंटी और रिंकू निवासी मोहल्ला मिश्रवाड़ा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
नारनौल के मोहल्ला सालमपुरा में छह जुलाई की रात को आरोपियों ने लग्न कार्यक्रम में घुसकर मारपीट और नकदी छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में सलामपुरा निवासी यादराम ने शहर थाना में दी शिकायत में बताया कि उसके लड़के का लग्न कार्यक्रम के समय कुछ बदमाश आकर गाली गलौज करने लगे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बदमाश गले से सोने की चेन और जेब से नकदी छीनकर भाग गए। शिकायतकर्ता ने 9 नामजद और अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।