गांव पाथेड़ा में गंदे पानी की उचित निकासी नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। गांव में गलियों एवं मुख्य सड़क मार्ग पर दिनभर गंदा पानी जमा रहता है। समस्या के समाधान की गुहार भी ग्रामीणों द्वारा एसडीएम से लेकर विधायक तक लगाई जा चुकी है। लेकिन लंबे समय से ग्रामीणों की इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। पिछले एक वर्ष से नालियों की सफाई भी नहीं हो पाई है जिसके कारण नालियों से गंदा पानी मुख्य रास्ते एवं सड़क पर आ रहा है।
यहां है अधिक परेशानी
गांव के अहीरान मोहल्ले के 40 से 50 घरों के लोगों को इस समस्या का सबसे ज्यादा सामना करना पड़ रहा है। नालियों की सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क पर जमा हो गया है। पाथेड़ा से अगियार, खेड़ी झूक गांवों को जोड़ने वाले सड़क पर गंदा पानी जमा होने के कारण वहां से पैदल निकलना बहुत मुश्किल है।
ग्रामीण मनफूल, सुमेर सिंह, प्यारेलाल, पवन, अजय, जगदेव, सीताराम, सोनू, वीर सिंह, कौशल्या, चमेली, मूर्ति, सुनीता, चंपा, शारदा, सुमन, पूनम आदि ने बताया कि मुख्य सड़क मार्ग पर गंदा पानी जमा है। ग्राम पंचायत को अनेक बार इस विषय में अवगत करा चुके हैं। गंदा पानी घरों में घुस रहा है।
पंचायत का कार्यकाल पूरा होने के बाद ग्राम सचिव और एसडीएम तक को शिकायत दे चुके हैं। वहीं तत्कालीन विधायिका द्वारा गांव में सीवरेज के लिए डेढ़ करोड़ रुपए मंजूर कराए थे। उस समय कुछ कार्य शुरू हुआ लेकिन वह भी अधूरा पड़ा हुआ है।
गांव के इस मुख्य सड़क मार्ग पर कहीं भी गंदे पानी की निकासी के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है जिसके कारण बीच सड़क घरों का गंदा पानी जमा रहता है। गांव में बनाई गई अनेक नालियां भी अधिकांश समय जाम रहती हैं जिसके कारण घरों की दिवारों में भी नमी पहुंच रही है।
पाथेड़ा मार्ग पर पानी भरने वाली समस्या है, उसको जल्दी सही किया जाएगा। मैंने बीडीपीओ को बोल दिया है। जल्द ही इस समस्या से ग्रामीणों को निजात मिलेगी। -सीताराम यादव, विधायक, अटेली।