फोटो संख्या:59- सतनाली में अधर में छोड़ा गया मार्ग--संवाद
सतनाली। कस्बे के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सामने से गुजरने वाले रास्ते का तकनीकी कारणों के चलते पिछले चार माह से कार्य रुका हुआ है।
कार्य रुक जाने के कारण आमजन व विद्यार्थियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस मार्ग के निर्माण कार्य शुरू करवाने को लेकर ग्रामीणों की ओर से कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन उसके बाद भी ग्राम पंचायत की ओर से इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है। चार माह पहले इस मार्ग के निर्माण को लेकर टाइल का उखाड़ दिया गया था। इस मार्ग करीब सात लाख रुपये की लागत से निर्माण किया जा रहा है।
बता दें कि ढाई से तीन साल पहले राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के आसपास के रास्ते पर सीवर लाइन डाली गई थी। लाइन डालने के बाद स्कूल के सामने से गुजरने वाले रास्ते पर पुरानी सीमेंट की टाइल को बेतरतीब लगाया गया था। इससे स्कूली विद्यार्थियों, राहगीरों व वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
चार माह पहले ठेकेदार ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सामने से गुजर रहे मुख्य रास्ते पर लगी टाइल उखाड़ लिया। रास्ते को उखाड़े के जाने बाद नतीजा यह हुआ कि रास्ता कच्चा होने के कारण घरों व बरसात का पानी इस कच्चे रास्ते पर जमा होने लगा। आमजन व विद्यार्थियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों की रास्ते को पक्का करने की मांग के बावजूद ठेकेदार ने रास्ते को पक्का करवाने की बजाय इस पर दो से तीन ट्रॉली मिट्टी डलवाकर इतिश्री कर ली है।
-
वर्जन...
मामला संज्ञान में है। गली निर्माण में लेवलिंग व तकनीकी समस्या आ रही थी। इसको दूर कर लिया गया है यदि भविष्य में लेवलिंग की कोई समस्या आती है तो ग्राम पंचायत सख्ती से पेश आएगा। पुलिस प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा। गली निर्माण का कार्य ग्राम पंचायत की ओर से जल्द से जल्द शुरू करवा दिया जाएगा।- मनीषा, सरपंच, ग्राम पंचायत सतनाली