नारनौल। हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से 2 सितंबर को सुबह 10 बजे मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर, कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय बीन दल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विजेता दल को प्रथम पुरस्कार 75 हजार, द्वितीय 60 हजार और तृतीय 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
इसके अलावा 10-10 हजार रुपये के पांच सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार बिढलान ने बताया कि प्रतियोगिता में केवल हरियाणा के मूल निवासी कलाकार ही भाग ले सकेंगे। प्रतिभागियों को मूल निवास प्रमाण पत्र और आधार कार्ड साथ लाना होगा।
प्रत्येक दल में 8 से 10 कलाकार होंगे, जिनमें 3 से 4 बीन वादक अनिवार्य हैं। सभी कलाकारों को हरियाणवी लोक परिधान में प्रस्तुति देनी होगी। प्रतियोगिता के लिए यात्रा या दैनिक भत्ता नहीं मिलेगा। निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम होगा।