फोटो नंबर- 07नारनौल स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान।
नारनौल। राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश की प्रक्रिया 2 जून से शुरू होगी। इच्छुक छात्रों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 15 जून तय की गई है। प्राचार्य विनोद खनगवाल ने बताया कि आवेदन करते समय छात्रों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, आरक्षण, स्थायी निवासी और अन्य जरूरी प्रमाण पत्रों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी।
उन्होंने कहा कि विभाग ने सभी आवश्यक जानकारी, संस्थानों की सूची और सीटों का विवरण अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध कर दिया है। आईटीआई में दाखिला लेने वाले विद्यार्थी तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करके आत्मनिर्भर बन सकते हैं और उद्योगों की जरूरत के अनुसार रोजगार पा सकते हैं। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद छात्रों को सरकारी, निजी और औद्योगिक क्षेत्रों में अच्छे अवसर मिलते हैं।
प्राचार्य ने छात्रों से अपील की कि वे आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें ताकि दाखिले के समय किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
आईटीआई प्रशिक्षण छात्रों को व्यावसायिक कौशल के साथ आत्मविश्वास भी देता है जिससे वे रोजगार की दुनिया में आसानी से कदम रख सकते हैं। इसलिए सभी इच्छुक छात्र आवेदन की प्रक्रिया को समय पर पूरा करें और अपना उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करें।
यह ट्रेड छात्र-छात्राओं में सबसे लोकप्रिय
पुरुष आईटीआई में कुल 26 ट्रेडों में 876 सीटें और महिला आईटीआई में 10 ट्रेडों में 312 सीटें उपलब्ध हैं। सिविल, मेकैनिकल और इलेक्ट्रीशियन ट्रेड छात्रों की सबसे पसंदीदा ट्रेड हैं। इलेक्ट्रीशियन ट्रेड से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं के लिए बिजली निगम में रोजगार के अवसर रहते हैं। वहीं, सिविल और मेकैनिकल ट्रेड से प्रशिक्षित युवाओं की मांग निजी और सरकारी औद्योगिक क्षेत्र में हमेशा बनी रहती है।