महेंद्रगढ़। बुचौली रोड स्थित एक निजी विद्यालय के सभागार में सोमवार को सात दिवसीय विरासत कला उत्सव का शुभारंभ बड़े उत्साह के साथ किया गया। वहीं इस दौरान संस्कृति और सुरों का अद्भुत संगम देखने को मिला। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के सौजन्य से आयोजित इस भव्य आयोजन का उद्घाटन पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
पूर्व विधायक ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां हमें संस्कारवान बनाने के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास का भी सुलभ साधन है। उन्होंने कहा कि इस तरह का आयोजन देश व समाज को एकता व अखंडता के समावेश में पिरोये रखता है।
इस कला उत्सव के उद्घाटन पर राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल विजेता पंडित निशांत व प्रशांत मल्लिक बद्रर्स की ओर से भारतीय शास्त्रीय गायन पर आधारित ध्रुपद गायन शैली से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लगभग दो घंटे चले इस कार्यक्रम के शुभारंंभ विद्यार्थियों की ओर से स्वागत गीत की ओर से किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता डॉ. धर्मेश कौशिक ने मनमोहक अंदाज में किया। केंद्र के उपनिदेशक मुकेश मौजूद रहे। मंगलवार को सुबह 11 बजे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नाटक बहुरूपिया का मंचन किया जाएगा। प्रयागराज से आए कलाकार अतुल यदुवंशी के निर्देशन में इस नाटक का मंचन होगा।