फोटो संख्या:67- कनीना में बारिश के पानी में से गुजरते वाहन--संवाद
महेंद्रगढ़/कनीना। शहर में बुधवार को सुबह से हो रही बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया। वहीं, कनीना में थोड़ी सी बारिश के बाद ही पशु अस्पताल परिसर व उसके सामने का मुख्य मार्ग जलमग्न हो गया। साथ ही, कई दुकानों में भी बारिश का पानी घुस गया।
दुकानदारों ने बताया कि हर बार बारिश में यही स्थिति बन जाती है लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। जलभराव के कारण लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा जिससे दुर्घटना और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने नगर पालिका से शीघ्र प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
इस संबंध में नगर पालिका प्रधान डॉ. रिंपी कुमारी ने बताया कि नगर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के नालों की सफाई का कार्य जल्द पूरा कर दिया जाएगा, जिससे वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या में सुधार आएगा।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए ताकि आमजन, दुकानदारों और पशुपालकों को बार-बार होने वाली इस परेशानी से राहत मिल सके।