नारनौल। नारनौल-नांगल चौधरी मार्ग पर भुंगारका से उंटोली गांव के बीच कल्वर्ट पाइप कई बार टूट चुका था। इसके स्थाई समाधान के लिए पीडब्ल्यूडी ने 3.20 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है।
वहीं जीएसएसएस बनिहाड़ी के कार्यालय और पुस्तकालय कक्ष का निर्माण करवाया जाएगा। जीएसएसएस भुंगारका में 9 एकड़ भूमि पर निर्माण किया जाएगा।
साथ ही जीएसएसएस नियामतपुर में कार्यालय, विज्ञान कक्ष, गतिविधि कक्ष और दीवार का निर्माण करवाया जाएगा। इन तीनों कार्यों पर करीब 1.52 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसको लेकर शिक्षा विभाग की तरफ से टेंडर भी जारी कर दिया है। तीनों जीएसएसएस को लेकर लंबे समय से प्रक्रिया चल रही थी जिसका अब कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।
पेयजल के लिए 18.17 लाख होंगे खर्च
कोरियावास मेडिकल कॉलेज के लिए पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पथ और सड़क का निर्माण, हेड वर्क्स पाइपलाइन, मुख्य पाइपलाइन की ऊंचाई बढ़ाना, स्लुइस वाल्व, अग्निशमन प्रणाली और पंपिंग मशीनरी तथा इससे संबंधित सभी कार्य किए जाएंगे। इस पर जन स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 18.17 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
न्यायालय में बनाया जाएगा ट्यूबवेल
नारनौल कोर्ट परिसर में पीडब्ल्यूडी की तरफ से ट्यूबवेल बनाया जाएगा। जिस पर करीब 3.74 लाख रुपये खर्च होंगे। इसको लेकर पीडब्ल्यूडी ने टेंडर भी जारी कर दिया है। जिसमें पांच एचपी की मोटर लगाई जाएगी। अब ट्यूबवेल बनने से गर्मियों के दिनों में कोर्ट परिसर में पानी की किल्लत नहीं होगी।
भुंगारका से उंटोली सड़क मार्ग पर कल्वर्ट पाइप बार बार टूट रहा था जिसके स्थाई समाधान के लिए 3.20 लाख रुपये में टेंडर जारी कर दिया है।
-नरेंद्र यादव, एसडीओ पीडब्ल्यूडी नारनौल