नारनौल। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दोचाना में मंगलवार को युवा संसद का आयोजन किया गया।
युवा संसद में राष्ट्रीय मुद्दों जैसे मणिपुर दंगा, महिला सशक्तीकरण, युद्ध विराम में ट्रंप की भूमिका, ऑपरेशन सिंदूर आदि के बारे में बहस हुई। विपक्ष सरकार को घेरने में कामयाब रहा। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष के रूप रानी, प्रधानमंत्री के रूप में हर्षित, नेता प्रतिपक्ष के रूप में साक्षी, रक्षा मंत्री के रूप में नेहा, वित्त मंत्री के रोल में तमन्ना, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री के रूप में रेखा, शिक्षा मंत्री के रूप में हैप्पी, सांसद के रूप में दीक्षा, उत्तम, दिव्या ने भी शानदार अभिनय किया।
पर्यवेक्षक डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि यह अंतिम खंड स्तरीय प्रस्तुति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या अल्पना मित्तल एवं प्रवक्ता डॉ. जितेंद्र भारद्वाज ने किया। पर्यवेक्षक के रूप में राजनीति विज्ञान के प्रवक्ता डॉ. संजय शर्मा तथा स्टेट अवाॅर्डी प्रवक्ता डॉ. जितेंद्र भारद्वाज और डायट प्रवक्ता जितेंद्र कुमार बोहरा उपस्थित रहे।
डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि युवा संसद युवा व्यक्तियों को संसदीय शैली की बहस, चर्चा और निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में शामिल होने के लिए एक मंच प्रदान करती है। इस अवसर पर संजय यादव, प्रोमिला शर्मा, राजेश कुमार, विजय सिंह, रजनी बाला, अनीता यादव और अनेक शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।