फोटो संख्या:66- उप नागरिक अस्पताल कनीना में ओपीडी के बाहर लगी मरीजों की लंबी लाइन---संवाद
कनीना। ठंड का सीधा असर आमजन के स्वास्थ्य पर दिखाई देने लगा है। उप नागरिक अस्पताल में इन दिनों खांसी, जुकाम, बुखार और गले में संक्रमण की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। स्थिति यह है कि सुबह के समय ही अस्पताल में मरीजों की लंबी कतारें लग जाती हैं।
उप नागरिक अस्पताल में कार्यरत डॉ. सुंदरलाल ने बताया कि ठंड बढ़ने के साथ ही ओपीडी में प्रतिदिन मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि जहां पहले प्रतिदिन औसतन 300 के आसपास ओपीडी रहती थी, वहीं अब यह संख्या बढ़कर करीब 400 तक पहुंच गई है। इनमें से प्रतिदिन 40 से अधिक मरीज खांसी, जुकाम और सर्दी से संबंधित समस्याओं के साथ इलाज के लिए आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सुबह और देर शाम की ठंडी हवाएं, कोहरा व तापमान में गिरावट के कारण लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो रही है। विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों में सर्दी-जुकाम जल्दी असर दिखा रहा है।
उन्होंने आमजन को सलाह दी कि ठंड के मौसम में गर्म कपड़े पहनें, ठंडे खाद्य पदार्थों से परहेज करें, पर्याप्त गर्म पानी पिएं और सर्दी-जुकाम के शुरुआती लक्षण दिखते ही चिकित्सक से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि लगातार खांसी, बुखार या सांस लेने में दिक्कत होने पर स्वयं दवा लेने की बजाय तुरंत अस्पताल आकर जांच कराएं।
उप नागरिक अस्पताल प्रशासन के अनुसार बढ़ती ओपीडी को देखते हुए मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी पूरी मुस्तैदी से सेवाएं दे रहे हैं, ताकि ठंड के इस मौसम में आमजन को समय पर इलाज मिल सके।