महेंद्रगढ़। सस्ते दामों पर सोने-चांदी के गहने मिलने का सपना सेहलंग गांव की एक महिला को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने व्हाट्सएप पर संपर्क कर पहले दोस्ती बढ़ाई और फिर गहनों का झांसा देकर महिला से कई बार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। गहने नहीं मिले तो ठगी का राज खुला। सदर कनीना थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सुशीला ने बताया कि 27-28 जुलाई 2026 को उनके मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आईं। कॉल करने वाले ने पहले दोस्ती बढ़ाने की कोशिश की। फिर दावा किया कि उसके पास सोने-चांदी के गहने हैं, जो वह सस्ते में बेच सकता है। उसने अपना पूरा पता नहीं बताया और गहने देने से पहले 50 हजार रुपये एडवांस मांगे।
नकदी और बैंक से निकाले रुपये भी भेजे
महिला ने गांव के सेवा केंद्र की कंप्यूटर दुकान से आरोपी के बताए फोन-पे नंबरों पर रुपये भेज दिए। इसके बाद आरोपी ने और लालच देकर रकम मंगवाई। महिला ने घर में रखी नकदी के साथ पंजाब नेशनल बैंक से निकाले रुपये भी भेज दिए। यह भुगतान 29 और 30 जुलाई को किया गया। रुपये लेने के बाद भी जब आभूषण नहीं पहुंचे, तो महिला को ठगी का शक हुआ। उसने 31 जुलाई को साइबर हेल्पलाइन 1931 पर शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस से सख्त कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है।