महेंद्रगढ़। शहर के हुडा पार्क में झूला टूटने से घायल हुई छह वर्षीय अवनी के परिजनों ने शहर थाना पुलिस को शिकायत देकर नगरपालिका के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मोहल्ला सैनीपुरा निवासी बलदेव ने शहर थाना महेंद्रगढ़ में शिकायत में बताया कि शुक्रवार को शाम पांच बजे उसका छोटा भाई कृष्ण, उसकी पत्नी पूजा व उसकी दो बेटी सनाया व अवनी हुडा पार्क में घूमने के लिए गए थे। छह वर्षीय उसकी भतीजी अवनी पार्क में झूले के पास खेल रही थी। पार्क में नगर पालिका की लापरवाही के कारण झूले, बिजली के खंभे, पाइपलाइन, ग्रील, जालियां, पैनल बॉक्स जंग लगने से जर्जर हो चुका है।
नगर पालिका के अधिकारियों की लापरवाही के कारण रोज कोई न कोई हादसे होते रहते है। उसकी भतीजी अवनी झूले के पास खेल रही थी तभी अचानक वह झूला नीचे से गला होने के कारण टूट कर गिर गया। झूले के नीचे दबने से उसकी भतीजी के पैर व सिर पर चोट लगी। गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था चिकित्सकों की ओर बताया था कि अवनी के पैर की हड्डी टूटी हुई है और सिर में भी गंभीर चोट है।